विदेश जाने की चाह में 21 लोगों ने गंवाए डेढ करोड़ रुपए, मामला सामने आने के बाद जांच में जुटी पुलिस
Sep 20, 2023
सूरत | विदेश जाने की चाह में अनेक लोगों के ठगे जाने की घटनाएं आए दिन सामने आती हैं, इसके बावजूद इससे कोई सबक नहीं लेता| सोशल मीडिया या एजन्ट के मार्फत विदेश जाने की लालच में लाखों रुपए गंवा देते हैं| ऐसी ही एक घटना सूरत से सामने आई है, जिसमें 21 लोगों ने विदेश जाने की लालच में रु. 1.50 करोड़ से अधिक रकम गंवा दी| ठगी का शिकार एक शिक्षक की शिकायत के आधार पर सूरत के उमरा पुलिस थाने में एक दंपत्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है| जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच कर रही है|
जानकारी के मुताबिक सूरत के बारडोली स्थित एक प्राइवेट स्कूल में बतौर शिक्षक सेवारत हितेश पटेल ने उमरा पुलिस थाने में दर्ज करवाई अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने जुलाई 2022 में फेसबुक पर यूके में गेरेन्टेड विजा का विज्ञापन देखा था और उसके बाद सूरत के डुमस रोड पर लक्जरिया बिजनेस हब स्थित वॉइस इमिग्रेशन एन्ड विजा नामक ऑफीस से संपर्क किया था| ऑफीस में बैठे एजन्ट ने अपना नाम विनायक पाटील और महिला का नाम विवियाना चतुरदास पाटील बताया था| विनायक पाटील ने विवियाना को अपनी पत्नी बताया था|
एजन्ट ने हितेश पटेल को यूके में 5 साल के लिए गेरेन्टेड वर्क विजा दिलाने की गारंटी दी थी और इसके लिए रु. 15 लाख की फीस बताई थी| फीस की रकम दो किश्तों में करनी थी| पहले रु. 5 लाख और विजा मिलने के बाद रु. 10 लाख देना तय हुआ था| हितेश पटेल ने मार्च 2022 में विनायक पाटील के ऑफीस जाकर रु. 5 लाख का चेक दिया था| करीब एक महीने बाद एजन्ट विनायक पाटील ने हितेश पटेल को यूके स्कील वर्कर विजा का लेटर दिया था|
हांलाकि लेटर की जांच की गई तो वह फर्जी निकला| जिसके बाद हितेश पटेल तुरंत डुमस रोड स्थित एजन्ट की ऑफीस पहुंच गए| लेकिन वहां ताला लटका हुआ था| आसपास पूछताछ करने पर हितेश पटेल को पता चला कि एजन्ट दंपत्ति ने उनके जैसे अनेक लोगों को लाखों का चूना लगाया है| हितेश पटेल एजन्ट के घर पहुंच गया, जहां पता चला कि उसका नाम विनायक पाटील नहीं बल्कि युसूफ अब्दुल रहमान पठान है और वह सूरत के भेस्तान का निवासी है| इस ठग दंपत्ति ने सूरत के अलावा नवसारी, वलसाड, भरुच, बारडोली और अंकलेश्वर समेत 21 लोगों के साथ डेढ़ करोड़ की ठगी की है| उमरा पुलिस ने हितेश पटेल की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की है|