अप्रैल में यात्री और दोपहिया वाहनों के निर्यात में हुई 20 फीसदी की बढ़ोतरी
May 15, 2024
- भारतीय वाहन बनाने वाले संगठन सायम के जारी किए आंकड़े
नई दिल्ली,। भारतीय वाहन बनाने वाले संगठन सायम के जारी आंकड़ों बताते हैं कि अप्रैल में सवारी गाड़ी और दोपहिया वाहनों का निर्यात एक साल पहले के मुकाबले 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ा है। 2023-24 में दोपहिया वाहनों का निर्यात एक साल पहले के मुकाबले 5.3 फीसदी घटकर 34.58 लाख इकाइयों का रहा। यात्री वाहनों का निर्यात मामूली रूप से 1.5 फीसदी बढ़कर 6,72,000 इकाइयों की रही। लेकिन हाल के महीने में निर्यात बाजार में तेजी आई है।
अप्रैल में दोपहिया वाहनों का निर्यात एक साल पहले के मुकाबले 24.3 फीसदी बढ़कर 3,20,877 इकाइयों का रहा। यात्री वाहनों का निर्यात 21.1 फीसदी बढ़कर कुल 49,563 इकाइयों का रहा। इस माह 8 मई को निवेशक कॉल के दौरान हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्य अधिकारी निरंजन गुप्ता ने कहा था कि बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में निर्यात ने वापसी की। उन्होंने कहा कि हमने कई बाजारों में वितरकों को बदला है, जैसा आपने नेपाल में देखा। हमें उम्मीद है कि मेक्सिको आगे बढ़ेगा और हाल ही में नाइजीरिया में भी वितरक बदले जाएंगे। इसलिए यह वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अच्छा संकेत है। लेकिन उन्होंने कहा कि अगले साल की संख्या के बारे में कुछ भी कहना अभी सही नहीं होगा। आगे चलकर आने वाली तिमाहियों और साल में हमारा अंतरराष्ट्रीय कारोबार आगे ही बढ़ेगा।
मारुति सुजूकी के कॉरपोरेट अफेयर्स प्रमुख राहुल भारती ने 26 अप्रैल को कहा था कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 में करीब 2,83,000 वाहनों का निर्यात किया था। यह करीब चार साल पहले सालाना 100,000 वाहनों की तुलना में काफी ज्यादा है। उन्होंने निवेशक कॉल के दौरान कहा कि हम भविष्य में इसे और आगे बढ़ाना चाहते हैं। अगले वर्ष हमें करीब 300,000 इकाइयों का निर्यात करना होगा जो कि सभी बाजारों में विभिन्न उत्पादों में काफी विविधतापूर्ण होगा और लाभप्रदता के संदर्भ में यह विदेशी मुद्रा दरें आदि मापदंडों के साथ बदलता है। इसलिए, यह कभी स्थिर नहीं रहता है। फिलहाल यह अच्छी स्थिति में है।