झारखंड के पलामू में तेज रफ्तार कार ने 18 को रौंदा, 3 की मौत
Aug 29, 2023
पलामू । पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के बरांव गांव में स्टेट हाईवे पर कार ने 18 लोगों को रौंद दिया है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है। इस हादसे में घायल 15 लोगों को मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच में भर्ती किया गया है। कुछ की हालत गंभीर है। घटना सोमवार की रात लगभग 10:30 बजे की है।
बताया जा रहा है कि सावन का अंतिम सोमवार के अवसर पर किया गया था संस्कृतिक कार्यक्रम, इसी बीच ये हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईवे के किनारे सोमवार देर शाम से कार्यक्रम किया जा रहा था। रात तकरीबन साढ़े 10 बजे तेज रफ्तार कार ने 18 लोगों को रौंदते हुए निकल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं 15 लोगों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी में कार की स्पीड बहुत तेज दिख रही है।