हनीमून पर खर्च हुए 10 लाख,दामाद ससुराल वालों से मांग रहा पैसा

Jan 04, 2024

साहिबाबाद। उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति सहित ससुराल वालों पर संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद वो और उसका पति हनीमून के लिए गए थे। यहां तकरीबन 10 लाख रुपये खर्च हो गए। अब पति उससे हनीमून पर खर्च हुए पैसे वापस देने की डिमांड कर रहा है। इतना ही नहीं महिला का कहना है कि पति ने उससे अपने मायके से पैसे लाने की भी बात की है।

पीड़िता का आरोप है कि मायके से पैसे नहीं लाने पर ससुराल में उसका उत्पीड़न किया गया। पति ने उसे ठंडे पानी से नहलाया। इतना ही नहीं फ्रीजर की बर्फ भी उसके ऊपर डाल दी। महिला ने पति सहित ससुरालियों पर गर्भपात कराने और लगातार दहेज की डिमांड करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने अपने पति सहित कुल 5 लोगों पर आरोप लगाते हुए पुलिस से इस मामले की शिकायत की है। बताया जा रहा है कि दिसंबर 2022 में महिला की शादी हुई थी। शादी में तकरीबन 60 लाख रुपये खर्च होने का भी दावा किया गया है। साहिबाबाद थाना क्षेत्र का यह पूरा मामला है।

पीड़िता का कहना है कि उसकी शादी 2022 को रोहित नाम के शख्स के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों हनीमून पर गए। यहां तकरीबन 10 लाख रुपये खर्च हुए। हनीमून से लौटने के बाद पति ने उससे खर्च हुए पैसे वापस देने की डिमांड की। मना करने पर पति सहित ससुराल वालों ने मारपीट की। कुछ दिनों बाद उससे दहेज की डिमांड करने लगे। महिला का आरोप है कि डिमांड पूरी नहीं करने पर उसे काफी मारा पीटा गया। महिला ने आरोप लगाया है कि उसका गर्भपात भी कराया गया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


Subscribe to our Newsletter